मुहूर्त राज गुरु पुष्य योग बन रहा है 28 जनवरी को, मकान, वाहन , व्यापार आदि के लिए शुभ मुहूर्त

27Oct
*मुहूर्त राज गुरु पुष्य योग बन रहा है 28 जनवरी को, मकान, वाहन, नए व्यापार आदि  के लिए शुभ मुहूर्त*
ज्योतिष में बृहस्पतिवार को यदि पुष्य नक्षत्र आ जाए तो यह *मुहूर्त राज गुरु पुष्य योग* बन जाता है यह योग वर्ष में दो  या तीन बार आता है। कभी-कभी किसी वर्ष आता भी नहीं है।
गुरु पुष्य का यह महायोग 28 जनवरी 2021 को बनेगा ।इसके साथ साथ 28 जनवरी को ही पौषी  पूर्णिमा भी है। पूर्णिमा मे 16 कलाओं से पूर्ण चंद्रमा अपने आप में एक महायोग होता है। किंतु इस दिन बृहस्पति और पुष्य नक्षत्र के योग ने इसको दुगुना  शुभ कर दिया है।
शास्त्रों में इस दिन केवल विवाह मुहूर्त को छोड़कर बाकी जितने भी अन्य शुभ मुहूर्त हैं: 
 गृह प्रवेश, गृहारंभ,  नवीन व्यापार या दुकान , आफिस  का कार्य प्रारंभ करना ‌नवीन वाहन लेना अथवा बेचना, जमीन की रजिस्ट्री कराना, ज्वेलरी  (सोना चांदी हीरा )खरीदना, धातु आदि खरीदना और किसी नए अनुबंध या निवेश पर हस्ताक्षर करना आदि के लिए यह मुहूर्त सबसे शुभ मुहूर्त कहा गया है, इसीलिए इसे मुहुर्तराज कहते हैं।
गुरु पुष्य योग में विद्वान लोग मंत्र साधना रत्न अंगूठी को अभिमंत्रित करना या किसी विशेष अनुष्ठान का शुभारंभ करना बहुत शुभ मानते हैं। 
चंद्रमा की संपूर्ण कलाओं से युक्त इस विशेष मुहूर्त में यद्यपि पूरा दिन ही बहुत श्रेष्ठ है किंतु इसमें भी कुछ विशेष मुहूर्त अत्यंत श्रेष्ठ हैं।
*गृह निर्माण अथवा गृह प्रवेश के मुहूर्त*
गृह निर्माण गृह प्रवेश और शादी में स्थिर लग्न ही मान्य होता है क्योंकि स्थिर लग्न में मकान संबंधी घर गृहस्ती संबंधी जो भी कार्य होते हैं हमेशा स्थिर रहते हैं।
इसके लिए शुभ मुहूर्त है _
प्रातः 8:05 से 9:33 तक स्थिर लग्न,
 11:36 से 12:24 तक सर्वश्रेष्ठ अभिजित मुहूर्त,
 मध्यान्ह 14:27 बजे से 16:40 बजे तक  स्थिर लग्न।
शास्त्रों में आभूषण धातु अभी खरीदना भी स्थिर लग्न में ही शुभ रहता है इसलिए उपरोक्त मुहूर्त आभूषण सोना चांदी अथवा धातु खरीदने के लिए श्रेष्ठ हैं
*व्यापार और वाहन खरीदने के मुहूर्त*
ज्योतिष में  गतिशील कार्यों जैसे वाहन खरीदना, बेचना ,व्यापार आरंभ करना ,शोरूम खोलना फैक्ट्री या कारखाना निर्माण आदि  में चर लग्न बहुत शुभ होते हैं। जो इस प्रकार हैं’:
प्रातः 6:22 बजे से 8:05 बजे तक चर लग्न( मकर) प्रातः 10:58 बजे से 12:24 बजे तक मेष लग्न अभिजित मुहूर्त
 और उसके पश्चात 16:43 बजे से 19:03 बजे तक कर्क लग्न (चर लग्न) श्रेष्ठ रहेंगे।
यद्यपि इस अवधि में गुरु अस्त रहेंगे, किंतु पूर्ण चंद्रमा की शुभता उस कमी को दूर कर देगी। इसलिए यह शुभ मुहूर्त सभी शुभ कार्य के लिए श्रेष्ठ माना गया है।
पंडित शिवकुमार शर्मा , आध्यात्मिक गुरु और ज्योतिष रत्न।
अध्यक्ष शिवशंकर ज्योतिष एवं वास्तु अनुसंधान केंद्र गाजियाबाद

One Reply to “मुहूर्त राज गुरु पुष्य योग बन रहा है 28 जनवरी को, मकान, वाहन , व्यापार आदि के लिए शुभ मुहूर्त”

Your Email address will not be published.